ऋषिकेश फायरिंग कांड का सनसनीखेज खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
देहरादून/ऋषिकेश। ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र में हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 4 जून को भट्टोवाला, श्यामपुर क्षेत्र में सड़क किनारे शराब पी रहे तीन युवकों को स्थानीय लोगों द्वारा रोकने पर विवाद हो गया था। विवाद के बाद तीनों युवक दोबारा हथियारों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों पर जानलेवा फायरिंग कर दी। फायरिंग में जसपाल रावत और मनीष व्यास उर्फ नरेश व्यास घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपनी पहचान वसीम अख्तर (20 वर्ष) पुत्र महफूज आलम, निवासी इस्लामपुर, थाना नानपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार) के रूप में बताई। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बदला लेने की नीयत से फायरिंग करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक अवैध फैक्ट्री मेड पिस्टल, मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
विवेचना के दौरान घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों आमिर और अनवर के नाम भी सामने आए हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार आरोपी
वसीम अख्तर (20 वर्ष)निवासी – इस्लामपुर, थाना नानपुर, जिला सीतामढ़ी, बिहार
फरार आरोपी
आमिर, निवासी पंडोर, सीतामढ़ी (बिहार)
अनवर, निवासी बथली, सीतामढ़ी (बिहार)
बरामदगी
01 अवैध फैक्ट्री मेड पिस्टल (मैगजीन सहित)
03 जिंदा कारतूस (7.65 KF)
01 खोखा कारतूस
मोटरसाइकिल संख्या BR-30-AN-5769
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक सुमित चौधरी (विवेचक)
हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह
कांस्टेबल शेखर सैनी
कांस्टेबल अनुयाग
