देहरादून से बड़ी खबर एक साल पुराने हत्या कांड का बड़ा खुलासा, 50 हजार का इनामी मास्टरमाइंड गिरफ्तार
देहरादून : देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजपुर क्षेत्र में वर्ष 2025 में हुई अजय भटेजा हत्याकांड के मास्टरमाइंड अमित भटेजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि संपत्ति विवाद के चलते अमित भटेजा ने अपने सौतेले भाई अजय भटेजा की हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि उसने शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को सुपारी देकर हत्या कराई थी। बदले में संपत्ति में हिस्सा देने का लालच भी दिया गया था।
पुलिस के अनुसार 25 मई 2025 को राजन उर्फ जैकी और उसकी साथी हुमेरा उर्फ जोया ने जाखन स्थित घर में अजय भटेजा की हत्या कर दी थी। मामले में दोनों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
लगातार फरार चल रहे अमित भटेजा की तलाश में पुलिस कई राज्यों में दबिश दे रही थी। आखिरकार 5 जून 2026 को उसे जिला न्यायालय परिसर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने संपत्ति को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुछ संपत्ति और वाहनों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
