पलटन बाजार में कपड़ों की दुकान के गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल ने चार वाहनों की मदद से पाया काबू
देहरादून। पलटन बाजार स्थित एक कपड़ों की दुकान के तृतीय तल पर बने गोदाम में बुधवार को अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और फायर स्टेशन देहरादून की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
दमकल की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग ननकानी गारमेंट्स की दुकान के तृतीय तल पर बने कपड़ों के गोदाम में लगी थी, जहां रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान के तृतीय तल पर लिफ्ट लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग का काम कर रहे कर्मचारियों के दौरान अचानक आग भड़क गई। आग लगने से गोदाम में रखे कपड़ों को भारी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस और दमकल विभाग द्वारा घटना की जांच की जा रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
