चारधाम यात्रा: ज्योतिर्मठ में गेट सिस्टम से मिली राहत, जाम की समस्या पर लगा ब्रेक
चमोली। चारधाम यात्रा के चरम दौर में बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव के बीच ज्योतिर्मठ में जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा लागू किया गया गेट सिस्टम प्रभावी साबित हो रहा है। स्थानीय लोगों, व्यापारियों और यात्रियों ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे जाम की समस्या से राहत दिलाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है।
जनपद चमोली में इन दिनों देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए पहुंच रहे हैं। यात्रा शुरू होने के मात्र 43 दिनों के भीतर 9 लाख 8 हजार 619 श्रद्धालु श्री बद्रीनाथ धाम और 55 हजार 411 श्रद्धालु श्री हेमकुंड साहिब के दर्शन कर चुके हैं। प्रतिदिन 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन से बद्रीनाथ हाईवे पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी के बीच अक्सर लगने वाले लंबे जाम को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर तहसील प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से गेट सिस्टम लागू किया है। इस व्यवस्था के तहत निर्धारित समय अंतराल पर एक दिशा से वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है, जिससे यातायात को व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने में मदद मिल रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गेट सिस्टम लागू होने के बाद नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पहले घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे आम लोगों, व्यापारियों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होने से लोगों को काफी राहत मिली है।
ब्रहमकपाल तीर्थपुरोहित संगठन के अध्यक्ष अमित सती, स्थानीय व्यापारी हर्षा शाह, सलीम और समीर डिमरी ने प्रशासन एवं पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गेट सिस्टम लागू होने के बाद ज्योतिर्मठ क्षेत्र में जाम की समस्या काफी हद तक नियंत्रित हुई है और आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम हुआ है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुचारु यातायात संचालन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वाहनों के दबाव को देखते हुए गेट सिस्टम संचालित किया जा रहा है। यातायात का दबाव कम होने पर आवश्यकता के अनुसार व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यात्रियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने और सहयोग बनाए रखने की अपील की।
“यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा हमारी प्राथमिकता है। बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए गेट सिस्टम लागू किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।” – जिलाधिकारी गौरव कुमार।
