सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर दून पुलिस का एक्शन, 20 लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाई पुलिस
ऑपरेशन प्रहार के तहत रायपुर पुलिस की कार्रवाई, 45 लोगों के चालान कर वसूला ₹11,250 जुर्माना
देहरादून। सार्वजनिक स्थानों और सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत रायपुर थाना पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, रायपुर क्षेत्र के रिंग रोड, तपोवन रोड और रायपुर बाजार सहित अन्य स्थानों पर सार्वजनिक जगहों, सड़क किनारे खुले में और वाहनों में बैठकर शराब पीने व पिलाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले 20 लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पूछताछ के बाद सभी को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत देते हुए पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया।
चेकिंग अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 45 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने इनसे कुल 11,250 रुपये का जुर्माना भी वसूला।
एसएसपी देहरादून ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों को शराबखोरी का अड्डा बनाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचने की अपील की है।
