डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड की सड़कों पर ठेकेदारों से कराया जाए पैचवर्क, गुणवत्ता में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद में सड़कों को सुगम, सुरक्षित एवं गड्ढामुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सड़क सुधार कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में सड़क मरम्मत, पैचवर्क, जल निकासी और नालियों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुधार कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
भुवनेश्वरी मंदिर मार्ग पर जलभराव रोकने के निर्देश
जिलाधिकारी ने भुवनेश्वरी मंदिर मार्ग के प्रारंभिक हिस्से का निरीक्षण करते हुए सड़क पर जलभराव की समस्या को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवरुद्ध पुरानी नालियों की सफाई एवं मरम्मत कराने, आवश्यकता के अनुसार नई नालियों का निर्माण करने और सड़क को गड्ढामुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों का कटान तथा नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा, जिससे जल निकासी सुचारु बनी रहे और सड़क को नुकसान न पहुंचे।
डांडापानी मोटर मार्ग पर सड़क धंसाव का लिया जायजा
घुड़दौड़ी से आगे डांडापानी मोटर मार्ग पर सड़क धंसाव वाले स्थान का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्य और सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क किनारे लगाए गए अवैध साइन बोर्ड हटाने को भी कहा, ताकि यातायात व्यवस्था सुरक्षित और सुचारु बनी रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सड़क सुधार, पैचवर्क और अन्य मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया जाए और निरीक्षण के दौरान कमियां पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (दोष दायित्व अवधि) के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर संबंधित ठेकेदारों के माध्यम से पैचवर्क एवं आवश्यक मरम्मत कार्य कराए जाएं। उन्होंने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखने तथा नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुधार कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विवेक सेमवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
