हर्षिल/उत्तरकाशी में ट्रैकर्स रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, 7 ट्रैकर्स सुरक्षित निकाले गए
उत्तरकाशी। जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्र में फंसे ट्रैकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। अब तक कालिंदी ट्रैकर्स दल के 7 ट्रैकर्स को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य हर्षिल हेलीपैड पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद संयुक्त रेस्क्यू टीमों से ट्रैकर्स की लोकेशन, मौसम की स्थिति तथा हवाई और पैदल बचाव अभियान की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि विपरीत मौसम और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू अभियान आपसी समन्वय के साथ जारी है। ट्रैकर्स को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए गए हैं।
हेलीपैड पर जिलाधिकारी ने रेस्क्यू होकर पहुंचने वाले ट्रैकर्स के लिए एम्बुलेंस, चिकित्सा दल, गर्म कपड़े, भोजन और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें फिलहाल हाई अलर्ट मोड पर हैं।
