देहरादून: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में भाजपा ओबीसी विभाग के पौड़ी जिला उपाध्यक्ष दिनेश सिंह पंवार ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी थलीसैंण के अध्यक्ष मंगल सिंह के प्रयासों से हुए इस दलबदल को कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
दिनेश सिंह पंवार और उनके समर्थकों ने कांग्रेस की रीति-नीतियों तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आस्था जताई। कांग्रेस में शामिल होने वालों ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महिला अत्याचार जैसे मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया।
इस अवसर पर गणेश गोदियाल ने नए सदस्यों का माला और पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों, वर्गों, समुदायों और जातियों का सम्मान करने वाली लोकतांत्रिक पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था बदहाल हुई है तथा बेरोजगारी और महिला अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं।
गोदियाल ने कहा कि जनता भाजपा के कथित कुशासन से त्रस्त हो चुकी है और एक बार फिर कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रही है। उन्होंने कहा कि दिनेश सिंह पंवार और उनके साथियों के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका लाभ मिलेगा।
कांग्रेस में शामिल प्रमुख लोगों में भाजपा ओबीसी विभाग के पौड़ी जिला उपाध्यक्ष दिनेश सिंह पंवार के अलावा भरत सिंह पंवार, मनवर सिंह पंवार, दिलवर सिंह पंवार, हर्ष सिंह पंवार, मुकेश पंवार, विकास पंवार, कुलदीप पंवार, मनोज पंवार, कमल बिष्ट, सुरेंद्र सिंह पंवार, दिनेश बिष्ट, अर्जुन पंवार, मोहित पंवार, दिलवर सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद सिंह कंडारी, अंकित चौहान, पंकज गौड़, भुवेंद्र गौड़, सोहन सिंह, सुनील पंत, राजेंद्र, सुरेंद्र, धन सिंह, कलम सिंह, वीर सिंह, नितिन पंवार, पूर्व सैनिक आनंद सिंह पंवार, प्रकाश मुडेपी, रणजीत सिंह रावत, धीरज पंवार, राहुल सिंह और प्रधान शशि कला सहित अन्य लोग शामिल रहे।
