विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता के भाजपा के दावों पर कांग्रेस का पलटवार
कोटद्वार : भाजपा की हल्द्वानी में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पारित प्रस्तावों पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा के विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता के एजेंडे को “झूठ का पुलिंदा” करार दिया।
कोटद्वार में पत्रकार वार्ता के दौरान धस्माना ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसके ठीक विपरीत आचरण करती है। उन्होंने प्रदेश में पिछले 10 वर्षों से भाजपा सरकार होने का दावा करते हुए विकास के विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरा।
धस्माना ने हरिद्वार मेडिकल कॉलेज का उदाहरण देते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने ही पैसे से बने मेडिकल कॉलेज को संचालित नहीं कर पाई और उसे पीपीपी मोड पर निजी हाथों में सौंप दिया गया।
सुशासन के दावों पर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। धस्माना ने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध, हत्या, लूट और डकैती की घटनाओं का हवाला देते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने राजधानी देहरादून की यातायात व्यवस्था और प्रदेश की सड़कों-पुलों की स्थिति को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
सामाजिक समरसता के मुद्दे पर धस्माना ने भाजपा पर धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण के मामले का जिक्र करते हुए भाजपा के समरसता के दावों पर सवाल उठाए।
धस्माना ने कहा कि कोटद्वार, लैंसडौन और यमकेश्वर में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़कों की स्थिति चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण इन क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। लैंसडौन में जंगली जानवरों के हमलों को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा।
उन्होंने कहा कि कोटद्वार की जनता पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी और उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को याद कर रही है।
