उत्तराखंड पर्यटन को नई दिशा: 5 वर्षीय रोडमैप तैयार करे विभाग, प्रचार-प्रसार और नए पर्यटन उत्पादों पर फोकस — मुख्य सचिव
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान विभाग को आगामी 5 वर्षों का स्पष्ट रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए योजनाओं के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय कर उनके अनुरूप परिणाम हासिल किए जाएं।
मुख्य सचिव ने कहा कि पर्यटन उत्पादों के प्रभावी प्रचार-प्रसार के बिना निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करना संभव नहीं है। उन्होंने प्रचार-प्रसार के लिए वार्षिक कार्ययोजना बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि नीति एक्स्ट्रीम अल्ट्रा रन, आदि कैलाश हाई एल्टीट्यूड मैराथन, रिवर राफ्टिंग फेस्टिवल और विंटर कार्निवल जैसे आयोजनों की तर्ज पर राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हर वर्ष निर्धारित समय पर पर्यटन इवेंट आयोजित किए जाएं।
उन्होंने पर्यटन विकास के लिए शॉर्ट टर्म, मीडियम टर्म और लॉन्ग टर्म योजनाएं तैयार करने, नए पर्यटन सर्किट विकसित करने और आवश्यक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही हॉस्पिटैलिटी एवं पर्यटन परियोजनाओं में निजी निवेश को बढ़ावा देने और नए पर्यटन स्थलों के विकास पर भी जोर दिया।
मुख्य सचिव ने युवाओं को प्रोफेशनल टूरिस्ट गाइड के रूप में प्रशिक्षित करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि प्रशिक्षण को संस्थागत स्वरूप दिया जाए। इसके लिए आईएचएम जैसे संस्थानों का उपयोग किया जा सकता है, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को देश और विदेश में भी रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और राज्य में बढ़ती मांग को देखते हुए ग्लैम्पिंग (Glamping) प्रोजेक्ट्स विकसित करने के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव अभिषेक रोहिला सहित पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
