मुख्यमंत्री धामी ने विकास योजनाओं के लिए दी ₹42 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति
सड़कों, सौंदर्यीकरण, आपदा राहत और सौर ऊर्जा परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों, निर्माण योजनाओं और जनहित से जुड़ी घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए करीब ₹42 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
स्वीकृति के तहत पिथौरागढ़ के धारचूला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा बौन में श्री हयां गुरु देव व गैरेंग मंदिर सौंदर्यीकरण और चारदीवारी निर्माण के लिए ₹85 लाख, जबकि सल्ट विधानसभा क्षेत्र में कुलांटेश्वर महादेव मेला स्थल सौंदर्यीकरण हेतु ₹50.08 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
हरिद्वार के पिरान कलियर क्षेत्र में मेवड़ नागड़ श्मशान घाट में बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए ₹16.49 लाख की धनराशि मंजूर की गई है।
देहरादून जनपद में दैवीय आपदा से प्रभावित मझाड़ा/कार्लीगाड गांव के 14 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर किराये के भवन में रखने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹3.36 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
उधमसिंहनगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में नगला-लालपुर मोटर मार्ग से इंदरपुर (अंबेडकर कॉलोनी) तक सड़क पुनर्निर्माण के लिए ₹85.49 लाख की स्वीकृति दी गई है।
इसके साथ ही सरकारी भवनों पर 5.5 मेगावाट क्षमता के ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट, सार्वजनिक स्थलों पर सोलर स्ट्रीट लाइट व हाईमास्ट तथा सोलर वाटर हीटर संयंत्रों की स्थापना के लिए भी करोड़ों रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
पिथौरागढ़ के धारचूला स्थित आदि कैलाश मंदिर में बाहरी रास्तों और अन्य सुविधाओं के निर्माण के लिए ₹3.28 करोड़, जबकि चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के टनकपुर और बनबसा ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किमी आंतरिक मार्गों के निर्माण हेतु ₹4.38 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
