भाजपा के दुष्प्रचार और “माफी मांगो” के दबाव के आगे नहीं झुकेंगे, माफी का सवाल ही नहीं: डॉ. प्रतिमा सिंह
देहरादून। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने द्वाराहाट विधायक मदन सिंह बिष्ट के वायरल वीडियो को लेकर भाजपा द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा झूठे दुष्प्रचार, ध्यान भटकाने की राजनीति और “माफी मांगो” के खोखले ड्रामे के जरिए जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक ने किसी भी प्रकार के अपशब्दों का प्रयोग नहीं किया है। भाजपा द्वारा एक एडिटेड वीडियो के आधार पर पूरे मामले को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। विधायक जनता की समस्याओं और प्रदेश सरकार की विफलताओं पर अपनी बात रख रहे थे।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर घिरी भाजपा सरकार जवाब देने के बजाय राजनीतिक मुद्दे खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जनप्रतिनिधि जनता की आवाज उठाते रहेंगे और किसी भी दबाव में नहीं आएंगे।
उन्होंने कहा कि जब कोई गलत कार्य हुआ ही नहीं तो माफी मांगने का कोई प्रश्न नहीं उठता। कांग्रेस भाजपा को चुनौती देती है कि वह पुतला दहन और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर जनता को रोजगार, विकास और जनहित के कार्यों का जवाब दे।
