पेपर लीक और भर्ती घोटालों से युवाओं का भविष्य अंधकार में: कांग्रेस
डॉ. जसविंदर सिंह गोगी बोले- सरकार दे जवाब, नकल माफिया पर हो कड़ी कार्रवाई
देहरादून। जिला कांग्रेस कमेटी ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने सरकार से जवाब मांगा।
डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देश और प्रदेश का युवा आज गंभीर संकट से गुजर रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों मेहनत करने वाले छात्र-छात्राएं पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने और भर्ती प्रक्रिया में देरी के कारण मानसिक तनाव और निराशा का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। मेहनत करने वाले युवाओं को अपनी योग्यता साबित करने से पहले सिस्टम की खामियों से लड़ना पड़ रहा है।
डॉ. गोगी ने देहरादून की छात्रा रिया कुमारी थापा की दुखद घटना का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। युवाओं को भरोसेमंद और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एक तरफ सख्त नकल विरोधी कानून की बात करती है, वहीं दूसरी ओर परीक्षाओं में अनियमितताओं की खबरें सामने आती रहती हैं।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से अब तक भाजपा सरकार कोई भी ऐसी परीक्षा नहीं करा पाई जिसमें धांधली के आरोप न लगे हों। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामलों में असली दोषियों तक पहुंचना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण युवाओं का विश्वास परीक्षा व्यवस्था से कमजोर हो रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस ने सरकार के सामने पांच प्रमुख मांगें रखीं—
पेपर लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच हो।
नकल माफिया के नेटवर्क को खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जाए।
लंबित भर्तियों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए सहायता व्यवस्था बनाई जाए।
प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, डॉ. प्रतिमा सिंह, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
