कोटद्वार : उत्तराखंड के कोटद्वार में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की गई है। पाखरौ क्षेत्र में “सुवेनियर शॉप्स एंड स्टडी सेंटर” का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण मौजूद रहे।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के कोटद्वार आगमन पर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद दोनों ने संयुक्त रूप से “Souvenir Shops & Study Centre” का विधिवत उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार क्षेत्र से जुड़ी वन विभाग की विभिन्न समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा।
उन्होंने कहा कि कोटद्वार का वन क्षेत्र पर्यटन और रोजगार की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कोटद्वार से जंगल सफारी को जल्द शुरू करने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि जंगल सफारी शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
वहीं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार वन संरक्षण और पर्यटन विकास के बीच संतुलन बनाकर जनहित में काम कर रही है।
