देहरादून नगर निगम ने मानसून सीजन के लिए बनाया 24 घंटे का कंट्रोल रूम, जारी किए हेल्पलाइन नंबर
देहरादून: आगामी मानसून सत्र को देखते हुए नगर निगम देहरादून ने बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम कार्यालय में 24 घंटे संचालित होने वाला बाढ़/आपदा नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है।
नगर आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार जलभराव, नालियों की समस्या, सड़क क्षति और अन्य आपदा संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम में तीन पालियों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। नागरिक अपनी शिकायतें टोल फ्री नंबर 18001804571 तथा मोबाइल नंबर 9286459167 और 9286977117 पर दर्ज करा सकेंगे।

नगर निगम ने शहर के विभिन्न जोनों के लिए नोडल और जोनल अधिकारियों की नियुक्ति भी की है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव और अन्य समस्याओं की निगरानी करेंगे। सभी अधिकारियों को 24 घंटे मोबाइल फोन चालू रखने तथा शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा कंट्रोल रूम में आउटसोर्स कर्मचारियों की तैनाती, वाहनों की उपलब्धता, जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली, पंप सेट और अन्य आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। नगर निगम ने सफाई निरीक्षकों, सुपरवाइजरों और अभियंताओं की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी है ताकि बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
मुख्य बिंदु:
24 घंटे संचालित होगा बाढ़/आपदा नियंत्रण कक्ष।
टोल फ्री नंबर: 18001804571
शिकायत हेतु मोबाइल नंबर: 9286459167, 9286977117
तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती।
जलभराव और आपदा प्रबंधन के लिए विशेष निगरानी।
जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली, पंप और अन्य संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित।
