शिव मंदिर चोरी कांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, दून पुलिस ने चोरी का माल और नकदी बरामद की
देहरादून: दून पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना रायपुर पुलिस ने सहस्त्रधारा रोड स्थित शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान, नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 07 जून 2026 को श्री शिव मंदिर समिति, दुर्गा एन्क्लेव सहस्त्रधारा रोड के सचिव राजीव तोमर ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों द्वारा मंदिर से मूर्तियां एवं अन्य सामान चोरी कर लिया गया है तथा कुछ सामान को क्षतिग्रस्त भी किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
लगातार प्रयासों के बाद 08 जून को सहस्त्रधारा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी कृष्णा थापा (23 वर्ष) पुत्र बारू, निवासी ग्राम सभावाला, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
बरामदगी में शामिल:
मंदिर से चोरी किया गया लगभग 2 लाख रुपये मूल्य का सामान
13 हजार रुपये नकद
दो मोबाइल फोन (सैमसंग एवं रियलमी)
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे:
उपनिरीक्षक संजय रावत, चौकी प्रभारी मयूर विहार
कांस्टेबल दीपक कुमार
कांस्टेबल विनोद कुमार
दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्रवासियों और मंदिर समिति ने सराहना की है।
