ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध देसी पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार
अमरोहा से देहरादून पिस्टल बेचने आया था आरोपी, पटेलनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान दबोचा
देहरादून:एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पटेलनगर पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेलनगर पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान 30 मई को सेंट ज्यूड चौक के पास जीएमएस रोड पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय मौ. उबैदुल रहमान पुत्र उवैस आलम निवासी जोया देहात, थाना डिडौली, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह उक्त देशी पिस्टल अपने गांव से देहरादून बेचने के उद्देश्य से लाया था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक प्रवीण पुंडीर, उपनिरीक्षक बलवीर सिंह रावत, कांस्टेबल नितिन सैनी, विवेक राठी, प्रदीप और विक्रांत शामिल रहे।
एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाकर अपराधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
